राजस्थान के 27 जिलों से पहुंचे छात्र-छात्राएं, खिलाड़ियों ने लिया प्रतियोगिता में भाग
भीलवाड़ा। 70वीं राज्य स्तरीय अंतरविद्यालयी तैराकी प्रतियोगिता-2026 का भव्य उद्घाटन समारोह सोमवार को सनमून पब्लिक स्कूल, आर.के. कॉलोनी, भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित महापौर जसवंत कंवर मुख्य अतिथि रहीं। कानूनी सलाहकार उच्च शिक्षा एवं सदस्य राष्ट्रीय अदालत शांति लाल जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी रमेश्वर लाल जिंगर ने की।
समारोह का शुभारंभ विशेष परेड एवं मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
प्रतियोगिता में राजस्थान के लगभग 27 जिलों से छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों और खेल दलों के आगमन से समारोह स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
इस अवसर पर सनमून पब्लिक स्कूल के निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ. आई. डी. बेलिम ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं खेल अधिकारियों का भी अभिनंदन किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई और इसके साथ ही प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।
समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और खिलाड़ियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के समापन पर सनमून पब्लिक स्कूल की ओर से सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं अतिथियों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई।
