पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी तेज, आरक्षण निर्धारण को लेकर 24 सितंबर को बैठक

खबर को शेयर करे :-

जहाजपुर-खजूरी पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में वार्डवार आरक्षण और लॉटरी प्रक्रिया पर होगा मंथन

जहाजपुर । पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। पंचायत समिति जहाजपुर एवं खजूरी के क्षेत्राधिकार में आने वाली ग्राम पंचायतों के वार्डों में विभिन्न पदों के लिए श्रेणीवार आरक्षण निर्धारण को लेकर 24 सितंबर को बैठक आयोजित की जाएगी।

उपखंड अधिकारी जहाजपुर छत्रपाल चौधरी ने बताया कि राजस्थान पंचायती राज अधिनियम-1994 की धारा 15 एवं 16 तथा राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम-1994 के नियम 5 से 9 में वर्णित प्रावधानों के तहत वर्ष 2011 की जनसंख्या के आंकड़ों के आधार पर पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के वार्डों में आरक्षण निर्धारित किया जाना है। आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न पदों का निर्धारण एवं आवंटन किया जाएगा। इसी प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार के निर्देशानुसार बैठक 24 सितंबर को आयोजित होगी।

बैठक पंचायत समिति सभागार जहाजपुर में होगी। इसमें जहाजपुर पंचायत समिति की बैठक सुबह 11 बजे तथा खजूरी पंचायत समिति की बैठक दोपहर 2 बजे निर्धारित की गई है। उपखंड अधिकारी ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से बैठक में उपस्थित रहने की अपील की है।

अब आरक्षण की तस्वीर पर टिकी नजरें
बैठक के बाद ग्राम पंचायतों के विभिन्न वार्डों में आरक्षण की स्थिति को लेकर तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है। ऐसे में पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजरें 24 सितंबर की आरक्षण प्रक्रिया पर टिकी हैं।

खबर को शेयर करे :-