राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने अधिवक्ताओं के साथ बैठक, अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण पर जोर

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 1 अक्टूबर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा की ओर से अधिवक्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।

जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण को लेकर अधिवक्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की।

बैठक में सचिव रश्मि आर्य और बार अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे पक्षकारों को आपसी सहमति और राजीनामे के माध्यम से प्रकरणों के निस्तारण के लिए प्रेरित करें तथा राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

रश्मि आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित और सुलभ न्याय प्राप्त करने का अवसर मिलता है। साथ ही आपसी सहमति से विवादों का समाधान होने से पक्षकारों के बीच सौहार्द भी बना रहता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से राष्ट्रीय लोक अदालत से पूर्व पक्षकारों की प्री-काउंसलिंग और मध्यस्थता के माध्यम से समझाइश के प्रयास करने का आग्रह किया, ताकि अधिकाधिक लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का राजीनामे के माध्यम से निस्तारण किया जा सके।

बार अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ ने भी अधिवक्ताओं से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक प्रकरणों का निस्तारण करवाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने और आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की।

बैठक में बार अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह, सचिव पंकज दाधीच, मनोहर लाल, रवि गोरानी, आदित्य सिंह, प्रताप लाल तेली, विक्रम सिंह राठौड़, राजेश शर्मा, प्रदीप व्यास, दुर्गेश शर्मा सहित अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times