विधायक कोठारी ने मुख्यमंत्री से कुक-कम-हेल्पर्स का मानदेय 5 हजार रुपये करने की मांग की

खबर को शेयर करे :-

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर मानदेय बढ़ाने और भुगतान में विसंगति दूर करने का किया आग्रह, भीलवाड़ा क्षेत्र के करीब 200 विद्यालयों का उठाया मुद्दा

भीलवाड़ा, 24 नवंबर। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत कुक-कम-हेल्पर्स के मानदेय में वृद्धि कर न्यूनतम 5 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर वर्तमान मानदेय व्यवस्था में सुधार करने और कर्मचारियों को सम्मानजनक भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

विधायक कोठारी ने पत्र में बताया कि प्रदेश के विद्यालयों में पीएम पोषण (मिड-डे मील) योजना के तहत कार्यरत कुक-कम-हेल्पर्स को केंद्रांश एवं राज्यांश के रूप में क्रमशः 600 और 400 रुपये, यानी कुल 1000 रुपये तथा राज्य सरकार की ओर से 1467 रुपये अतिरिक्त मानदेय दिया जाता है। इस प्रकार उन्हें कुल 2467 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में यह राशि न्यूनतम दैनिक मजदूरी के मुकाबले भी बेहद कम है।

उन्होंने बताया कि आयुक्त मिड-डे मील के 19 जुलाई 2022 के निर्देशों के अनुसार जिन विद्यालयों में अन्नपूर्णा सहकारी समितियों एवं केंद्रीयकृत रसोईघरों के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया जाता है, वहां कार्यरत कुक-कम-हेल्पर्स को निर्धारित मानदेय का केवल 50 प्रतिशत भुगतान किया जाता है। इसके चलते इन कर्मचारियों को लगभग 1230 रुपये प्रतिमाह ही मिल पाते हैं।

कोठारी ने विशेष रूप से भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र एवं आसपास के करीब 200 विद्यालयों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विद्यालयों में भोजन की आपूर्ति संस्थाओं के माध्यम से होती है, लेकिन वहां कार्यरत कुक-कम-हेल्पर्स विद्यालय शुरू होने से लेकर मध्याह्न भोजनावकाश के बाद तक अपनी सेवाएं देती हैं। भोजन वितरण सहित मिड-डे मील से जुड़े सभी कार्य पूरे होने तक उन्हें विद्यालय में उपस्थित रहना पड़ता है। ऐसी स्थिति में उनके लिए अन्य रोजगार करना भी संभव नहीं हो पाता।

विधायक ने कहा कि समान कार्य और समान समय देने के बावजूद केवल भोजन आपूर्ति की व्यवस्था अलग होने के कारण मानदेय में इतना बड़ा अंतर न्यायसंगत नहीं है। इन कर्मचारियों के श्रम और सेवाओं का उचित सम्मान होना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेशभर में कार्यरत कुक-कम-हेल्पर्स के मानदेय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए न्यूनतम 5 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित किए जाएं। साथ ही अन्नपूर्णा सहकारी समितियों एवं केंद्रीयकृत रसोईघरों से भोजन प्राप्त करने वाले विद्यालयों में कार्यरत हेल्पर्स को भी समान रूप से सम्मानजनक भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड