‘हरि शेवा छाया’ में मिलेगी सुविधा, 100 गद्दे, कंबल, तकिये, चादरें और फोटोकॉपी मशीन भेंट
भीलवाड़ा। नर सेवा ही नारायण सेवा के भाव को साकार करते हुए हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर की ओर से जिला महात्मा गांधी अस्पताल परिसर स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में मरीजों के परिजनों के लिए रात्रि विश्राम सेवा शुरू की गई है। ‘हरि शेवा छाया’ के माध्यम से दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों को रात बिताने के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
हरि शेवा उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन महाराज की प्रेरणा से शुरू की गई इस सेवा का उद्देश्य अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को रात्रि विश्राम के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना है। इससे परिजनों को अस्पताल परिसर में फर्श या खुले स्थान पर सोने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है।
100 गद्दे, कंबल और तकिये सहित सामग्री भेंट
रात्रि विश्राम व्यवस्था को सुचारु बनाने और आगामी सर्दी के मौसम को देखते हुए हरि शेवा धर्मशाला की ओर से 100 गद्दे, 100 गर्म कंबल, कवर सहित 100 तकिये और 100 स्वच्छ चादरें भेंट की गईं। इसके साथ एक फोटोकॉपी मशीन और एक बड़ा मजबूत लकड़ी का तख्त भी उपलब्ध कराया गया है।
इस पहल से अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के परिजनों को सम्मानजनक परिस्थितियों में रात्रि विश्राम की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही फोटोकॉपी मशीन उपलब्ध होने से आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
संत-महात्माओं और समाज के प्रबुद्धजनों की रही उपस्थिति
सेवा कार्य के शुभारंभ अवसर पर हरि शेवा उदासीन आश्रम के संतों का सान्निध्य रहा। कार्यक्रम में संत मायाराम जी, संत गोविंदराम जी और बालक मिहिर उपस्थित रहे। संतों ने इस पहल को मानव सेवा और प्रभु भक्ति का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चालक चांदमल सोमानी, सिंधी सेंट्रल पंचायत के महामंत्री चंद्रप्रकाश चंदनानी, उपाध्यक्ष रमेश खोतानी, कोषाध्यक्ष अनिल झामनानी, सांसद प्रवक्ता विनोद झूरानी, धर्मशाला के सचिव हेमंत वच्छानी, प्राचार्य श्यामलाल सांगावात, ईश्वरलाल आसनानी, अंबालाल नानकानी, पल्लवी वच्छानी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा पहल की सराहना की।
हेमन उस्ताद और हरीश राजवानी संभालेंगे व्यवस्था
रात्रि विश्राम स्थल पर स्वच्छता, अनुशासन और व्यवस्थाओं को बनाए रखने की जिम्मेदारी वरिष्ठ समाजसेवी हेमन उस्ताद और उनके सहयोगी हरीश राजवानी को सौंपी गई है। वे अपनी टीम के साथ यहां ठहरने वाले मरीजों के परिजनों की सहायता करने तथा बिस्तर सामग्री के उचित रखरखाव की व्यवस्था देखेंगे।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, परिजनों को आधार कार्ड की प्रति जमा कराने और प्रति सेट 20 रुपये सुविधा शुल्क देने पर बिस्तर सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजकों के अनुसार, यह राशि सामग्री की स्वच्छता और रखरखाव के लिए ली जाएगी।
अस्पताल में पहले भी संचालित किए जा रहे सेवा कार्य
हरि शेवा उदासीन आश्रम की ओर से एमजी अस्पताल परिसर में पहले भी विभिन्न जनसेवा गतिविधियां संचालित की जाती रही हैं। गर्मी के मौसम में मरीजों और उनके परिजनों को राहत देने के लिए पेयजल, वाटर कूलर, बड़े कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई। इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों के लिए समय-समय पर भोजन वितरण भी किया जाता रहा है।
रात्रि विश्राम सेवा की शुरुआत इसी सेवा परंपरा का विस्तार है। इस पहल से अस्पताल में उपचार के लिए दूर-दराज से आने वाले परिवारों को सहारा मिलेगा और कठिन समय में उन्हें राहत प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
