स्वर्ण जयंती पर सजेगा रामलीला का मंच, दोपहर बाद निकलेगी श्री रामायण जी की शोभायात्रा

खबर को शेयर करे :-

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) कस्बे के बस स्टैंड पर आज से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीला का मंचन शुरू होगा। नवयुवक कला मंडल संस्थान के तत्वावधान में आयोजित रामलीला इस बार अपनी 50वीं वर्षगांठ यानी स्वर्ण जयंती महोत्सव के रूप में मनाई जा रही है। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रामलीला के आगाज से पहले आज प्रथम नवरात्रि पर भक्ति और उल्लास के माहौल में श्री रामायण जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

संस्थान के अध्यक्ष अनिल कुमार सोनी ने बताया कि शनिवार को दोपहर 3 बजे बाद बस स्टैंड स्थित बागर के बालाजी मंदिर से श्री रामायण जी की विशाल शोभायात्रा रवाना होगी। इसमें संस्थान के कलाकारों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शोभायात्रा के साथ ही कस्बे में रामलीला महोत्सव का धार्मिक माहौल बनेगा।

11 से 20 अक्टूबर तक होगा रामलीला का मंचन

संस्थान के सचिव अतुल भारद्वाज ने बताया कि बस स्टैंड स्थित रामलीला रंगमंच पर 11 से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन रात 8 बजे से 12 बजे तक रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस आयोजन की खास बात यह है कि स्थानीय कलाकार बिना किसी पारिश्रमिक के अभिनय और सेवाएं देकर पांच दशक पुरानी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

संस्थान के कोषाध्यक्ष कालिदास नामन ने बताया कि इस वर्ष स्वर्ण जयंती महोत्सव होने के कारण रामलीला को विशेष और यादगार बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कस्बेवासियों में आयोजन को लेकर उत्साह है। अब मंच पर भगवान श्रीराम की जीवन गाथा के प्रसंगों के माध्यम से धर्म, मर्यादा और आदर्शों का संदेश दिया जाएगा।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड