बनेड़ा में भाजपा की पंचायत चुनावी चौपाल, विधायक बैरवा बोले- मनमुटाव छोड़ एकजुट हों

खबर को शेयर करे :-

पंचायत समिति में भाजपा का प्रधान बनाना लक्ष्य, गांव से प्रत्याशियों का पैनल बनाने का सुझाव

शाहपुरा। नगरपालिका चुनाव के बाद अब भाजपा ने पंचायत राज चुनाव की तैयारियों पर फोकस बढ़ा दिया है। बनेड़ा उपखंड के हाथीपुरा स्थित सूर्य महल में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं का स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। शाहपुरा-बनेड़ा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में नगरपालिका चुनाव में पार्टी के प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। साथ ही आगामी पंचायत राज चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और प्रत्याशी चयन पर चर्चा हुई।

विधायक बैरवा ने कार्यकर्ताओं से नगरपालिका चुनाव के बाद की नाराजगी और मनमुटाव को पीछे छोड़कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति में भाजपा का प्रधान बनाना लक्ष्य है और इसके लिए सभी वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।

आचार संहिता से पहले विकास कार्यों की स्वीकृति का दावा

कार्यक्रम में विधायक बैरवा कुछ देरी से पहुंचे। उन्होंने बताया कि आचार संहिता लगने की संभावना को देखते हुए बनेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में करीब सवा करोड़ रुपए के विकास कार्यों की स्वीकृतियां जारी कराने के बाद वे कार्यक्रम में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं और लंबित कार्यों को भी समय पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ने विधानसभा क्षेत्र में अब तक करीब दो हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य होने का दावा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार और संगठन की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।

नगरपालिका चुनाव के बाद संगठन को एकजुट करने पर जोर

बनेड़ा नगरपालिका चुनाव के परिणामों का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि यदि चुनाव में कोई चूक या गलती हुई है तो वे इसके लिए पहले ही माफी मांग चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को छोड़कर संगठन की मजबूती पर ध्यान देने को कहा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी शिकायतें सीधे उनके सामने रखने की अपील की। अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़ी शिकायतों के समाधान का भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ पैसे लेकर काम करने की शिकायत सामने आती है और वह सही पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।

विधायक ने कहा कि उनके पास विधायी, प्रशासनिक और संगठन से जुड़े कई दायित्व हैं, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता के घर जाकर मिलना संभव नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को शाहपुरा स्थित अपने कार्यालय में पहुंचकर अपनी बात रखने के लिए कहा।

पंचायत समिति में भाजपा का प्रधान बनाने का लक्ष्य

आगामी पंचायत राज चुनाव को लेकर विधायक बैरवा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व प्रधान उंकार सिंह, गजराज सिंह, राजमल सहित वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चुनावी तैयारी करने की बात कही।

टिकट वितरण को लेकर विधायक ने कहा कि पार्टी का टिकट एक ही व्यक्ति को मिलेगा। ऐसे में कार्यकर्ताओं को सामूहिक रूप से प्रत्याशी चयन की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि गांव के लोग ही संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर पार्टी के सामने रखें।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे प्रत्याशी का चयन करने की बात कही जो ‘जीताऊ, टिकाऊ और जनता की आवाज’ बन सके।

राजनीति में स्थायी नहीं होती दोस्ती-दुश्मनी

बैरवा ने कहा कि राजनीति में दोस्ती और दुश्मनी स्थायी नहीं होती। व्यक्तिगत नाराजगी को संगठन से ऊपर नहीं रखना चाहिए। उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं की मेहनत का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति विशेष की नाराजगी के कारण वर्षों से संगठन के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं की मेहनत प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पिछली कमियों और मतभेदों को पीछे छोड़कर पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

बनेड़ा नगरपालिका में भाजपा ने जीती थीं 10 सीटें

हालिया नगरपालिका चुनाव में बनेड़ा के 20 वार्डों में भाजपा ने 10 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को 9 और एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी को मिली थी। अब पंचायत राज चुनाव में भाजपा संगठन के सामने ग्रामीण क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने की चुनौती है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल चरण सिसोदिया, उपाध्यक्ष कैलाश माली, पूर्व प्रधान गजराज सिंह हाथीपुरा, उंकार सिंह राणावत, राजमल खिंची सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और पंचायत राज से जुड़े जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड