चुनाव शांतिपूर्ण: शाम 6 बजे तक 59.57 फीसदी मतदान
जहाजपुर ( मोहम्मद आज़ाद नेब) पंचायत आम चुनाव में जिला परिषद व पंचायत समिति जहाजपुर के 17
वार्डों में पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पंचायत समिति वाइज जारी आंकड़ों के अनुसार शाम 6 बजे तक कुल 59.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
निर्वाचन अधिकारी छत्रपाल सिंह चौधरी ने बताया कि जहाजपुर पंचायत समिति के 17 वार्डों में कुल 93,299 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 55,579 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी वार्डों में मतदान सुबह 7.15 बजे शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ था।
सुबह धीमी रही रफ्तार, दोपहर बाद बढ़ा मतदान
सुबह 10 बजे तक केवल 11.65% (10,868 वोट), दोपहर 1 बजे तक 27.98% (26,102 वोट) और 3 बजे तक 38.96% (36,351 वोट) मतदान हुआ था। दोपहर बाद मतदान में तेजी आई और शाम 6 बजे तक आंकड़ा 59.57% तक पहुंच गया।
वार्ड 14 में सबसे ज्यादा, वार्ड 16 में सबसे कम मतदान
सबसे अधिक मतदान वार्ड नंबर 14 में दर्ज किया गया, जहाँ 4,674 मतदाताओं में से 3,342 ने मतदान किया, प्रतिशत 71.50% रहा। वहीं सबसे कम मतदान वार्ड नंबर 16 में रहा, जहाँ 5,217 में से केवल 2,404 मतदाताओं ने वोट डाला, प्रतिशत 46.08% रहा।
वार्ड 1 में 66.89%, वार्ड 3 में 65.94%, वार्ड 2 में 64.29% मतदान दर्ज किया गया, जो औसत से अधिक है। वार्ड 10, 11, 9 और 16 में मतदान 55% से नीचे रहा।
प्रशासन के अनुसार सभी 17 वार्डों में मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
