250 महिलाओं की कलश यात्रा से गूंजे गायत्री महामंत्र, 9 कुंडीय महायज्ञ का शुभारंभ

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। बापूनगर में शनिवार को 250 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संगीतमय प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारंभ हुआ। पीले वस्त्रों में सजी महिलाओं के सिर पर गायत्री महामंत्र अंकित कलश और वातावरण में गूंजते भक्ति गीतों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में लखोटिया परिवार की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

आयोजक कैलाश चन्द्र लखोटिया, सीए अंकित लखोटिया और पुलकित लखोटिया ने बताया कि कलश यात्रा बापूनगर के मुख्य मार्गों से होते हुए श्री शिव साईं राम कृष्ण मंदिर पहुंची। यहां पुष्कर से आए विद्वान पंडित सुरेश शर्मा, देवेंद्र एवं उनके सहयोगियों ने वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य, वंदनीया माताजी तथा देवमाता, विश्वमाता और सृष्टि की आदि कारण मातेश्वरी गायत्री माता का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। इसके बाद कलश पूजन हुआ। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर आरती की और आयोजन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित प्रज्ञा पुराण पर आधारित संगीतमय कथा का आयोजन हुआ। गायत्री परिवार के सदस्यों और बापूनगर के निवासियों ने श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया। कथा के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना, संस्कारों और सद्विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

आज होगा 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ और विराट दीप यज्ञ

अखिल विश्व गायत्री परिवार, भीलवाड़ा की जिला समन्वयक सरोजना व्यास ने बताया कि रविवार सुबह 7:30 बजे से 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ आयोजित होगा। इस दौरान गर्भ संस्कार, विद्यारंभ संस्कार और जन्मदिवस संस्कार सहित विभिन्न संस्कार संपन्न कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि रविवार शाम 5 बजे विराट दीप यज्ञ का आयोजन होगा। इसमें माताएं और बहनें अपने घरों से पांच-पांच दीपक लेकर शामिल होंगी। दीप यज्ञ के माध्यम से अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाने का संदेश दिया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करना तथा संस्कारों और सद्विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड