28 अक्टूबर शाम और 29 अक्टूबर सुबह नहीं होगी नियमित जलापूर्ति, बिजली विभाग के शटडाउन का असर
भीलवाड़ा। चम्बल-भीलवाड़ा पेयजल परियोजना के तहत शहर सहित जिलेभर में होने वाली पेयजल आपूर्ति बिजली विभाग के शटडाउन के कारण प्रभावित रहेगी। इसके चलते 28 अक्टूबर 2026 की शाम और 29 अक्टूबर की सुबह पेयजल आपूर्ति बाधित होने की संभावना है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, परियोजना खंड प्रथम की सहायक अभियंता के अनुसार अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) की ओर से 28 अक्टूबर को 132 केवी बारोली जीएसएस पर रखरखाव का कार्य किया जाएगा। इसके लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा।
शटडाउन के दौरान भैंसरोडगढ़ एवं भुंजरकला की फीडर लाइन बंद रहने से आरोली स्थित जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) पर जल आपूर्ति प्रभावित होगी। इसका सीधा असर भीलवाड़ा शहर सहित जिले की पेयजल व्यवस्था पर पड़ेगा।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि संभावित जल संकट को देखते हुए आवश्यकतानुसार पेयजल का भंडारण पहले ही कर लें। साथ ही पानी का उपयोग सावधानी और मितव्ययता से करें, ताकि आपूर्ति प्रभावित रहने के दौरान परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
