विवरणिका विमोचन समारोह में मेले की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा की घोषणा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि
भीलवाड़ा। अखिल भारतीय स्वदेशी मेला आयोजन समिति, भीलवाड़ा की ओर से रविवार को होटल PFC, आजाद नगर में आगामी अखिल भारतीय स्वदेशी मेले की विवरणिका का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मेले की तैयारियों और आगामी आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी गई।
समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश तकनीकी उन्नयन के साथ तेजी से विकास कर रहा है। ऐसे में स्वदेशी आंदोलन को भी तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। आगामी मेले में टेक्नोलॉजी एवं डिफेंस क्षेत्र से संबंधित स्टॉल लगाई जानी चाहिए, ताकि युवा एवं विद्यार्थी नवीनतम तकनीकों से परिचित हो सकें और नवाचार तथा आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित हों। उन्होंने दत्तोपंत ठेंगड़ी के संगठन कौशल एवं स्वदेशी चिंतनधारा का उल्लेख करते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।
निम्बार्क आश्रम के महंत मोहन शरण शास्त्री ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच जिस पुनीत उद्देश्य को लेकर कार्य कर रहा है, उसमें समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी सहभागिता निभानी चाहिए। उन्होंने सभी समाजबंधुओं से स्वदेशी मेले को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का आह्वान किया।
पंचमुखी दरबार के परम पूज्य संत लक्ष्मण दास महाराज के प्रतिनिधि परमेश्वर महाराज ने मेले के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
मेला संयोजक डॉ. राजकुमार चतुर्वेदी ने बताया कि भीलवाड़ा में आयोजित होने वाला यह मेला अखिल भारतीय स्तर का वृहद आयोजन होगा, जिसमें देशभर से स्वदेशी उत्पादों की 750 तक स्टॉल लगाने की योजना है।
समिति के सचिव सुनील सोमानी ने आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय स्वदेशी मेला 1 जनवरी से 10 जनवरी 2027 तक मेडिसिटी ग्राउंड, आजाद नगर, भीलवाड़ा में आयोजित किया जाएगा। मेले में देशभर से 700 से अधिक स्टॉल लगाई जाएंगी। इनमें स्वदेशी उत्पादों, लघु एवं कुटीर उद्योगों, उद्यमिता, तकनीकी नवाचार और भारतीय परंपरागत उत्पादों को प्रमुखता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि मेले के उद्घाटन समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय वसंतराव होसबाले मुख्य वक्ता के रूप में उद्बोधन देंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता त्रिलोकचंद छाबड़ा करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल उपस्थित रहेंगे।
सोमानी ने बताया कि दस दिवसीय मेले के दौरान प्रतिदिन विभिन्न विषयों पर संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही भारतीय संस्कृति, कला, साहित्य एवं परंपराओं पर आधारित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मेले का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना, स्थानीय उद्यमियों एवं व्यापारियों को मंच उपलब्ध करवाना, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना तथा आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में श्री कृष्ण गोपाल कृष्ण की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन मेला समन्वयक डॉ. देवीलाल साहू ने किया।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच की ओर से डॉ. रोशनलाल पिपलिया, महेश नवल, डॉ. भगवतीलाल जगतिया, राजन गहलोत, अजय दादा, रवि कोली, जानकी माली, श्यामसुंदर डोलिया, दुर्गालाल सोनी, रेखा सिंगलिया, अंजना जगतिया, ललिता मीणा एवं प्रीति भावना सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विभिन्न संगठनों की ओर से बनवारीलाल सोनी, रोशनलाल तोतला, डॉ. कास्ट, डॉ. नागर, गणेश प्रजापत एवं सत्यनारायण वैष्णव सहित गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला संयोजक ने समारोह में पधारे सभी संत-महात्माओं, गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
