बदाली खेड़ा चौराहे पर ट्रैवल्स बस को रुकवाकर मारे छापे में मिली मावे की भारी खेप
भीलवाड़ा। दीपावली के त्योहारी बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। इसी बीच बुधवार तड़के भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकानेर से आ रही एक ट्रैवल्स बस से करीब 500 किलो मावा जब्त किया। सुबह के 4 बज रहे थे, बदाली खेड़ा चौराहे पर बस को रुकवाया गया और जब टीम ने जांच शुरू की तो बस में मावे की भारी खेप मिली। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी खेप का मालिकाना हक जताने कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे मिलावट विरोधी अभियान के तहत विभाग को अज्ञात सूत्रों से इस खेप की सूचना मिली थी। इसके बाद डॉ. दिलराज मीणा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बीकानेर से भीलवाड़ा आ रही ट्रैवल्स बस को बदाली खेड़ा चौराहे पर रुकवाया।
500 किलो मावा, लेकिन मालिक गायब!
बस की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में मावा मिला। टीम ने करीब 500 किलोग्राम मावे को कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई की। मावा बीकानेर से भीलवाड़ा लाया जा रहा था, लेकिन जब्त खेप को लेने या उस पर अपना दावा पेश करने के लिए कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में मावा किसके लिए और किसके पास पहुंचाया जा रहा था, यह सवाल अब चर्चा का विषय है।
मिठाइयों के बाजार में विभाग की पैनी नजर
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए विभाग की टीमें जिलेभर में निगरानी कर रही हैं। संदिग्ध खाद्य सामग्री के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर विशेष नजर रखी जा रही है।
मिलावट दिखे तो तुरंत करें शिकायत
सीएमएचओ ने आमजन से अपील की कि मिलावटी खाद्य पदार्थों, अवधिपार सामग्री की बिक्री अथवा संदिग्ध खाद्य सामग्री के भंडारण की जानकारी मिलने पर जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर 01482-232643 पर सूचना दें।
त्योहारी सीजन में 500 किलो मावे की इस खेप की बरामदगी ने खाद्य सामग्री की आपूर्ति और उसकी शुद्धता की निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
