भीलवाड़ा: आरोग्य धन संस्थान ने पूरे किए सेवा के 5 वर्ष, भगवद गीता व श्रीफल भेंट कर मनाया स्थापना दिवस

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 28 जून। आरोग्य धन संस्थान ने सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में सफलतापूर्वक पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक गरिमामय स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में संस्थान की पूरी टीम, वरिष्ठ सदस्य एवं शुभचिंतक शामिल हुए। इस अवसर पर सेवा, संस्कार और सामाजिक समर्पण के पांच वर्षों के सफर को याद करते हुए भविष्य में भी जनसेवा के संकल्प को दोहराया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. बाहुबली जैन एवं वरिष्ठ सदस्यों डॉ. पंकज पारीक, ललित जी, रुपेश साहू, महावीर छिपा, सरदार कुलदीप, गिरिराज मेघवाल, अरविंद तिवारी, मुकेश शर्मा तथा अशोक पारीक ने आरोग्य धन टीम को श्रीमद्भगवद गीता एवं श्रीफल (नारियल) भेंट कर सम्मानित किया।

अतिथियों ने कहा कि श्रीमद्भगवद गीता जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मिक उन्नति और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देती है, जबकि श्रीफल शुभता, समृद्धि और मंगल कार्यों का प्रतीक है। उन्होंने संस्थान की टीम को भविष्य में भी सेवा और लोककल्याण के कार्यों को इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं।

संस्थान के प्रबंधक डॉ. पंकज पारीक ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आरोग्य धन संस्थान का पांच वर्षों का सफर विश्वास, सेवा और समर्पण की भावना से प्रेरित रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान आने वाले समय में भी स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगा।कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण, शुभकामनाओं और समाज की निरंतर सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड