महाआरती के बाद ठाकुरजी को अर्पित किया अन्नकूट का भोग, श्रद्धालुओं को वितरित किया महाप्रसाद
भीलवाड़ा। संतोष कॉलोनी स्थित श्री चारभुजानाथ, महामृत्युंजय महादेव एवं हठीले हनुमान मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान भगवान के दर्शन एवं महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
समिति के मीडिया प्रभारी मनोज व्यास ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर में अन्नकूट महोत्सव उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। महोत्सव के तहत शाम 5 बजे भगवान की महाआरती की गई। इसके पश्चात शाम 5:30 बजे ठाकुरजी को अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया। भोग लगाने के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर समिति अध्यक्ष प्रभुलाल शर्मा एवं सचिव सुरेंद्र भंडारी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति की समस्त कार्यकारिणी एवं सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया तथा व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला।
अंत में अध्यक्ष प्रभुलाल शर्मा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

