17 नवंबर से शुरू होंगे चार दिवसीय मांगलिक आयोजन, तीन दिवसीय रुक्मिणी मंगल कथा के साथ महारास और संगीत संध्या के होंगे आयोजन
भीलवाड़ा, 16 नवंबर। धर्मनगरी भीलवाड़ा में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। शहर में पहली बार 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के तहत 19 नवंबर को मेवाड़ के आराध्य श्री गढ़बोर चारभुजानाथ बारात लेकर भीलवाड़ा पहुंचेंगे और 20 नवंबर को भगवान चारभुजानाथ एवं तुलसीजी का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
चार दिवसीय विवाह महोत्सव के कार्यक्रम मंगलवार, 17 नवंबर से शुरू होंगे। आयोजन की जानकारी सोमवार को आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज के सानिध्य में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति पदाधिकारियों ने दी।
गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने बताया कि सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से आयोजित इस महामहोत्सव का संयोजन श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ कर रहा है। आयोजन को लेकर सनातन धर्मावलंबियों में उत्साह है। श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के नाम भेजी गई मंगल लग्न पत्रिका को नारायणदासजी एवं पुजारी परिवार ने स्वीकार किया है। भगवान चारभुजानाथ 19 नवंबर को बारात लेकर भीलवाड़ा पहुंचेंगे। शाम 5 बजे रीको चौराहा स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर पर बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा।
तीन दिवसीय रुक्मिणी मंगल कथा आज से
महोत्सव के मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा ने बताया कि 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक मेडिसिटी ग्राउंड में रुक्मिणी मंगल कथा होगी। कथा का वाचन गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज करेंगे। कथा में रुक्मिणीजी की भगवान श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम, भक्ति, समर्पण और विवाह प्रसंग का वर्णन होगा। कथा के मुख्य पोथी यजमान बालूलाल पोरवाल बड़लियास वाले होंगे। कथा से पहले सुबह 9.15 बजे रामधाम से कथास्थल तक भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी।
महारास और संगीत संध्या में सजेगी भक्ति की शाम
महोत्सव संयोजक एसएन गग्गड़ ने बताया कि 17 नवंबर को रात 8 बजे से महारास एवं संगीत संध्या आयोजित होगी। इसमें पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धालु जोड़ों के साथ भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम में कोटा से आमंत्रित राधा-कृष्ण समूह की प्रस्तुति, राजस्थानी वेशभूषा में सामूहिक घूमर, राजपूती परिधान में घूमर एवं रास आकर्षण का केंद्र रहेंगे। भीलवाड़ा के ख्यातनाम कलाकार भी भजन और गीतों की प्रस्तुतियां देंगे।
18 नवंबर को सुबह 10 बजे कथा पांडाल में हल्दी एवं मेहंदी मनोरथ होगा। रात 8 बजे भक्ति सुधामृतम कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 19 नवंबर को सुबह 10 बजे भात मनोरथ और रात 8 बजे संगीत मधुरम का आयोजन होगा।
20 नवंबर को होगा तुलसीजी और चारभुजानाथ का विवाह
विवाह महोत्सव के मुख्य मांगलिक कार्यक्रम 20 नवंबर को होंगे। सुबह 8 बजे पाणिग्रहण संस्कार की रस्में प्रारंभ होंगी। सुबह 8.15 बजे रामधाम से भगवान चारभुजानाथ की दिव्य बारात शोभायात्रा निकलेगी। सुबह 11.15 बजे तोरण की रस्म और दोपहर 12.15 बजे पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होगा। शाम 5 बजे बारात विदाई की रस्म होगी।
हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
आयोजन समिति के अनुसार चार दिवसीय महामहोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेडिसिटी ग्राउंड में व्यापक तैयारियां की गई हैं। तुलसी विवाह में धर्म माता-पिता बनने के लिए भीलवाड़ा सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने पंजीयन कराया है।
पत्रकार वार्ता में श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के अध्यक्ष रमेशचन्द्र त्रिपाठी, समिति के सह संयोजक दिनेश विजयवर्गीय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन, उपाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल, कार्यालय प्रभारी रजनीकांत आचार्य सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
श्रद्धा और आस्था के साथ बड़े विनायक की स्थापना
विवाह महामहोत्सव के शुभारंभ से पहले सोमवार शाम मेडिसिटी ग्राउंड में विधि-विधान और श्रद्धा के साथ बड़े विनायक की स्थापना की गई। गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में भगवान गणपति की आराधना कर महोत्सव के सभी कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न होने तथा सर्वमंगल की कामना की गई। इस अवसर पर समिति पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
तुलसीजी के धर्म माता-पिता के घर गूंज रहे मंगल गीत
महोत्सव में विभिन्न मंदिरों में विराजित भगवान चारभुजानाथ के साथ विवाह करने वाली तुलसीजी के धर्म माता-पिता बनने वाले परिवारों के घरों में भी मांगलिक कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। छोटे विनायक की स्थापना के बाद संगीत संध्या और भजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में रविवार रात भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथजी के साथ विवाह हेतु विराजित तुलसीजी के धर्म माता-पिता रामप्रकाश मनीष बहेड़िया परिवार के आंगन में संगीत संध्या आयोजित हुई। इसमें बड़ी संख्या में परिवारजन और श्रद्धालु शामिल हुए। भजन और संगीत के बीच विवाह की खुशियां मनाई गईं।
