प्लास्टिक दो–पौधा लो अभियान का कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने किया पोस्टर विमोचन, 1 से 15 वर्ष तक के बच्चों को प्लास्टिक के बदले मिलेगा निःशुल्क पौधा; शैंपू पाउच का भी कर रही हैं पुनः उपयोग
शाहपुरा (मूलचन्द पेसवानी)। छोटी उम्र में पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संकल्प लेकर निकली बाल पर्यावरण कार्यकर्ता श्रेया कुमावत ने प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ एक अनूठी पहल शुरू की है। ‘प्लास्टिक बैंक–ग्रीन गिफ्ट मिशन’ नाम से शुरू इस अभियान के तहत बच्चों को घरों से साफ-सूखा प्लास्टिक एकत्रित कर लाने पर बदले में निःशुल्क पौधा दिया जाएगा। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने अभियान के पोस्टर का विमोचन कर श्रेया की इस पहल को प्रोत्साहित किया।
अभियान का मुख्य संदेश ‘प्लास्टिक दो–पौधा लो, हरित बचपन से स्वच्छ भारत बनाओ’ रखा गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को प्लास्टिक प्रबंधन, रीसाइक्लिंग और पौधारोपण से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
श्रेया ने कलेक्टर के साथ मुलाकात के दौरान दैनिक उपयोग में आने वाले प्लास्टिक के संग्रहण, पृथक्करण, पुनः उपयोग और रीसाइक्लिंग की कार्ययोजना साझा की। कलेक्टर ने उनकी पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों और अभिनव प्रयासों की सराहना की।
अभियान के तहत 1 से 15 वर्ष तक के बच्चे अपने घरों से साफ और सूखा प्लास्टिक एकत्रित कर एक सप्ताह, 15 दिन या एक महीने तक जमा कर सकेंगे। निर्धारित रविवार को यह प्लास्टिक श्रेया की पौधशाला में जमा करवाने पर प्रत्येक सहभागी बच्चे को एक पौधा निःशुल्क दिया जाएगा।
इस पहल में बच्चों को केवल पौधा देना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल और उसे विकसित करने का तरीका भी सिखाया जाएगा। इसके लिए निःशुल्क ऑर्गेनिक गार्डनिंग प्रशिक्षण, जैविक सब्जियां उगाने का लाइव डेमो और जैविक खाद तैयार करने की जानकारी दी जाएगी।
श्रेया की पहल का एक खास पहलू प्लास्टिक का रचनात्मक पुनः उपयोग भी है। वे इस्तेमाल के बाद फेंक दिए जाने वाले छोटे शैंपू पाउच को भी पौधे तैयार करने के पात्र के रूप में इस्तेमाल कर रही हैं। एकत्रित प्लास्टिक में से उपयोगी सामग्री को अलग कर उसमें पौधे तैयार किए जाते हैं, जबकि शेष प्लास्टिक को श्रेणीवार छांटकर अधिकृत रीसाइक्लिंग केंद्र तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर श्रेया ने पुनः उपयोग किए गए प्लास्टिक पात्रों में तैयार औषधीय पौधे जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, प्रदूषण नियंत्रण मंडल के मुख्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भेंट किए। इसके अलावा कलेक्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुभाषनगर थाना, प्रदूषण नियंत्रण मंडल कार्यालय और दैनिक भास्कर के मुख्य कार्यालय में भी पौधों का वितरण किया गया।
इस अभियान को जिलेभर में विस्तार देने के लिए सरकारी और निजी विद्यालयों में प्लास्टिक बैंक स्थापित करने की योजना भी बनाई गई है। इससे अधिक से अधिक बच्चों को अभियान से जोड़कर उनमें कचरा पृथक्करण और रीसाइक्लिंग की आदत विकसित की जा सकेगी। साथ ही बच्चों को मोबाइल और स्क्रीन से दूर कर प्रकृति, बागवानी और पौधों की देखभाल से जोड़ने का प्रयास होगा।
श्रेया इससे पहले भी बीज संरक्षण, सीड बॉल निर्माण, पौधारोपण और निःशुल्क पौधा वितरण जैसे कार्यों के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता का संदेश दे चुकी हैं। अब प्लास्टिक बैंक अभियान के जरिए उनका प्रयास है कि बच्चे घर से ही पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी समझें और छोटी-छोटी आदतों से बड़ा बदलाव लाएं।
श्रेया का संकल्प है कि हर बच्चे के हाथ में पौधा हो, हर घर में प्लास्टिक प्रबंधन की आदत विकसित हो और हर आंगन में हरियाली नजर आए। उनकी यह पहल संदेश देती है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए उम्र नहीं, बल्कि सोच और संकल्प मायने रखते हैं।
