भीलवाड़ा। शहर में बुधवार अलसुबह बड़ा हादसा हो गया। हाट बाजार की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे की चपेट में आने से वृद्ध महिला धापू बाई, पत्नी बरदी चंद जी डिबरिया की मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मृतका धापू बाई के निधन से परिवार में शोक की लहर छा गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाट बाजार की दीवार की जर्जर हालत को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। क्षेत्रीय पार्षद की ओर से जिला उद्योग केंद्र को कई बार शिकायत देकर दीवार की मरम्मत करवाने की मांग की गई थी। इसके बावजूद कथित तौर पर दीवार की मरम्मत नहीं करवाई गई।
अब दीवार गिरने से वृद्ध महिला की मौत के बाद संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई की जाती तो क्या इस हादसे को टाला जा सकता था? यह सवाल क्षेत्रवासियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल हादसे के कारणों, पूर्व में की गई शिकायतों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर प्रशासनिक जांच की आवश्यकता है।
