15 में से सिर्फ 5 वोट पड़े, भाजपा की आशा मीणा विजयी घोषित – कांग्रेस ने लगाया वोट डालने से रोकने का आरोप
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) खजूरी पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव को लेकर शुक्रवार को जमकर बवाल हो गया। चुनाव के दौरान रोड जाम कर दिया गया, बस में तोड़फोड़ हुई और पंचायत समिति सदस्य के साथ आए बस में बैठे वकीलों को चोटें आईं। दिनभर खजूरी में तनाव और हंगामे का माहौल बना रहा।
बताया जा रहा है कि प्रधान पद के चुनाव में कुल 15 में से मात्र 5 वोट पड़े, जिसके बाद भाजपा की आशा मीणा को विजयी घोषित कर दिया गया। कांग्रेस का आरोप है कि उसके 10 सदस्यों को वोट देने से रोका गया।
मनीषा मीणा को टिकट नहीं मिलने से भड़के समर्थक
कांग्रेस नेता बाबूलाल मीणा की पुत्रवधू मनीषा मीणा को प्रधान प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से खफा समर्थकों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि बाबूलाल मीणा समर्थकों ने कांग्रेस के लोगों के वाहनों को रोका और नवनिर्वाचित चार सदस्यों को कांग्रेस के कब्जे से छोड़ने की मांग करने लगे।
इसी दौरान विधायक गोपीचंद मीणा भी अपने समर्थकों के साथ खजूरी पहुंच गए। आरोप है कि समर्थकों ने रोड जाम कर दिया और खुलेआम तांडव मचाया, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनकर देखती रही।
धीरज गुर्जर का बड़ा आरोप : हाईकोर्ट जाएंगे, आंदोलन करेंगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा –
“गोपीचंद मीणा की अगर हिम्मत होती तो जहाजपुर में आकर मेरा रास्ता रोकता। उसने अकेली मीणा समाज की बेटी का सड़क पर बैठकर रास्ता रोककर पद का दुरुपयोग किया और प्रशासन से मिलीभगत करके वहां से पुलिस को हटाकर खुद गाड़ी के आगे लेटकर वोटों को डालने से रोका है। हम इसके खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे, इसके खिलाफ आंदोलन करेंगे और इस चुनाव को निलंबित कराकर रहेंगे।”
कांग्रेस ने खजूरी पंचायत समिति के प्रधान चुनाव को अलोकतांत्रिक बताते हुए इसे रद्द कराने की मांग की है। वहीं भाजपा खेमे में जीत के बाद जश्न का माहौल है।
फिलहाल खजूरी में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
