बिना डिग्री और लाइसेंस के संचालित क्लीनिक से दवाइयां, इंजेक्शन एवं चिकित्सा उपकरण किये जब्त
जिला कलेक्टर के निर्देश पर आगामी 15 दिनों तक जिलेभर में चलेगा विशेष अभियान
भीलवाड़ा। जिले में अवैध रूप से संचालित नीम-हकीमों, झोलाछाप चिकित्सकों एवं अपंजीकृत क्लीनिकों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार जिलेभर में आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर बिना वैध पंजीकरण एवं निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के मरीजों का उपचार करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में अखबार में प्रकाशित खबर के बाद चिकित्सा विभाग की टीम ने आसींद ब्लॉक के तीन गांवों मोड का निम्बाहेड़ा, लाछोड़ा एवं रतनपुरा में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मोड का निम्बाहेड़ा एवं लाछोड़ा में संबंधित क्लीनिक बंद पाए गए।
वहीं रतनपुरा में संचालित क्लीनिक की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में क्लीनिक संचालक गोपाल दिव्य के पास चिकित्सा व्यवसाय संचालन का कोई वैध लाइसेंस अथवा चिकित्सकीय डिग्री नहीं मिली। इसके अलावा उपचार से संबंधित बिल एवं वाउचर भी उपलब्ध नहीं पाए गए। इस पर चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित क्लीनिक संचालक के विरुद्ध थाने में एफआईआर दर्ज करवाई। साथ ही क्लीनिक से दवाइयां, इंजेक्शन एवं चिकित्सा उपकरण जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान बीसीएमओ डॉ. प्रीतम चन्द्र गुप्ता, डॉ. हर्षित प्रजापत एवं औषधि नियंत्रण अधिकारी मनीष कुमार मीणा मौजूद रहे।
