अखिल भारतीय राष्ट्रीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल से हुई सकारात्मक वार्ता, छह सत्रों से अटकी तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पदोन्नति का मुद्दा भी उठा
जयपुर। प्रदेश के शिक्षकों की लंबित मांगों और विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों की पदोन्नति, स्टाफिंग पैटर्न, स्थानांतरण, विद्यालयों में पद आवंटन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। वार्ता के दौरान शिक्षा मंत्री ने अधिकांश मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
संगठन के प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने बताया कि महासंघ प्रदेश के लगभग तीन लाख शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करता है। संगठन शिक्षक हित, शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।
पदोन्नति और स्टाफिंग पैटर्न का मुद्दा प्रमुखता से उठाया
प्रतिनिधिमंडल ने माध्यमिक शिक्षा में स्टाफिंग पैटर्न शीघ्र लागू करने, वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों का आवंटन कर शिक्षकों का पदस्थापन करने तथा विद्यालयों में संचालित विषयों के अनुसार व्याख्याता पद स्वीकृत करने की मांग रखी। इसके साथ ही कक्षा 11वीं एवं 12वीं के नामांकन संबंधी पैरामीटर में विद्यार्थियों की निर्धारित संख्या कम करने की मांग भी उठाई गई।
शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने तथा सभी शिक्षक संवर्गों की पदोन्नति शीघ्र करने पर जोर दिया गया। विशेष रूप से पिछले छह सत्रों से लंबित तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पदोन्नति का मामला प्रमुखता से उठाया गया।
स्थानांतरण और वरिष्ठता को लेकर भी रखे सुझाव
प्रतिनिधिमंडल ने महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों को पुनर्स्थापन का विकल्प देने तथा नए जिलों के गठन के बाद शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं कार्मिकों की वरिष्ठता यथावत रखने की मांग की। संगठन का कहना था कि वरिष्ठता प्रभावित होने से शिक्षकों को पदोन्नति के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।
प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल ने शहरी एवं आसपास के विद्यालयों के शिक्षकों की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार ड्यूटी लगाए जाने से उत्पन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने सुझाव दिया कि परीक्षाओं में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं अन्य विभागों के कार्मिकों की भी ड्यूटी लगाई जाए, ताकि विद्यालयों के शिक्षकों को पर्याप्त अवकाश मिल सके।
ग्रांट और विद्यालयों के विलय का मुद्दा भी उठा
महासंघ ने समसा की ओर से दी जाने वाली ग्रांट, प्रशिक्षण, पाठ्य पुस्तकों एवं खेल सामग्री के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी कर समय पर बजट उपलब्ध कराने की मांग की। पंचायती राज विभाग को नॉन ऑटोनॉमस बॉडी मानने के कारण शिक्षकों को अन्य सेवाओं में जाने पर उनकी पूर्व सेवा अवधि का पूरा लाभ नहीं मिलने की समस्या के समाधान के लिए नियमों में संशोधन का सुझाव भी दिया गया।
इसके अलावा कम नामांकन के आधार पर राजस्व ग्राम के विद्यालयों का विलय नहीं करने तथा समसा से विदेशी एनजीओ बीसीजी को बाहर करने का मुद्दा भी शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा गया।
शिक्षकों की समस्याओं के समाधान तक जारी रहेंगे प्रयास
जिला मंत्री ईश्वर सिंह चौधरी ने बताया कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश नेतृत्व लगातार प्रयास कर रहा है। शिक्षा मंत्री के साथ हुई सकारात्मक वार्ता से शिक्षकों में उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पदोन्नति, स्थानांतरण और विद्यालयों में आवश्यक पदों के आवंटन जैसे मुद्दे हजारों शिक्षकों के भविष्य से जुड़े हैं। संगठन इनके समाधान और मांगों के क्रियान्वयन तक प्रयास जारी रखेगा।
जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा ने कहा कि शिक्षक हित, शिक्षा हित और राष्ट्र हित संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षकों की समस्याओं का समाधान होने से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और शिक्षक अपने शैक्षिक दायित्वों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकेंगे।
वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा, प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा एवं प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल सहित प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।
