भीलवाड़ा। विद्या भारती शिक्षण संस्थान से संचालित जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूर्व छात्र परिषद् द्वारा आदर्श विद्या मंदिर, कोटड़ी में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के सत्र 2025-26 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान 10वीं कक्षा के 47 एवं 12वीं कक्षा के 7 विद्यार्थियों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने पर सम्मान प्रदान किया गया।समारोह के मुख्य वक्ता विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के मंत्री शिवप्रसाद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन और संस्कार अत्यंत आवश्यक हैं। वहीं पूर्व छात्र परिषद् के जिला संयोजक कर्मेश व्यास ने परिषद् की गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा जिला अधिकारी राजेन्द्र गगड़ ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर के विभिन्न विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया। विशिष्ट अतिथि एवं कोटड़ी विद्यालय के पूर्व छात्र वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नरेन्द्र सिंह राणावत ने विद्यालय से मिले मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम के अंत में विद्या भारती शिक्षण संस्थान के जिला मंत्री कैलाशचंद्र सुथार ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर अभिभावक, शिक्षक, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रबंध समिति के सदस्य एवं पूर्व छात्र परिषद् के हितेश डाड, गुलाब सिंह, सावन दिया, विवेक राठी, प्रताप सरकार, अखिलेश जोशी, नवीन कुमावत, रौनक बंग, प्रीतम साहू एवं योगेंद्र आचार्य सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
