अपने लाडले जनसेवक को बधाई देने आवास पर उमड़े सैंकड़ों समर्थक
ढोल नगाड़ों के बीच 66वे जन्मदिन पर कटवाए 66 केक
भीलवाड़ा 16 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और भीलवाड़ा शहर से तीन बार विधायक रहे विट्ठल शंकर अवस्थी का 66वां जन्मदिवस कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा असीम उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दिन भर चले विभिन्न आयोजनों में सेवा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

गौ-सेवा और अध्यात्म से शुरुआत
जन्मोत्सव के कार्यक्रमों का शुभारंभ पूरी तरह आध्यात्मिक रहा। प्रातःकाल अवस्थी जी ने सिंदरी के बालाजी गौशाला पहुँचकर गौ माता का पूजन कर उन्हें गुड़ एवं हरा चारा खिलाया और आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात उन्होंने शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल के नेतृत्व में सांगानेर गेट स्थित दूधाधारी मंदिर में देव दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकार
जन्मदिन के अवसर पर सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी गई। मेडिकल कॉलेज के समक्ष कैच फाउंडेशन के माध्यम से पौधारोपण किया गया, जहाँ कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। इसके अतिरिक्त, महात्मा गांधी राजकीय अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।

निवास पर उमड़ा जनसैलाब, 66वे जन्मदिन पर कटे 66 केक
दोपहर बाद अवस्थी के निज आवास पर शुभकामनाएँ देने वालों का तांता लग गया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में मंडल अध्यक्ष ऋतुशेखर शर्मा, मुकेश सोनी, नागेन्द्र सिंह राव सहित जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, पार्षदों एवं सैंकड़ों पुरुष एवं महिला कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला व साफा पहनाकर बधाई दी। उत्साह का चरम तब देखने को मिला जब समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर 66वे जन्मदिन पर एक साथ 66 केक कटवाकर अपने प्रिय जनसेवक का जन्मदिन भव्य तरीके से मनाया। देर रात तक कार्यकर्ताओं के आने और बधाई देने का क्रम निरंतर जारी रहा।
