भीलवाड़ा में धूमधाम से मनाया गया राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस

खबर को शेयर करे :-

पुलिस लाईन मे हुआ सेरेमोनियल परेड का आयोजन, जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा ली गई सलामी

सर्वाेत्तम, अति उत्तम, उत्तम 165 सेवा चिन्ह से पुलिस कर्मचारियो को नवाजा

भीलवाड़ा। जिला पुलिस भीलवाड़ा द्वारा राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 15 अप्रैल की शाम पुलिस लाइन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जबकि 16 अप्रैल को सेरेमोनियल परेड का आयोजन किया गया।

सांस्कृतिक संध्या में पुलिस जवानों, स्थानीय कलाकारों और पुलिस परिवार के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। साथ ही कलाकारों को भी पुरस्कृत किया गया। पुलिस अधीक्षक ने जवानों एवं उनके परिवारों को संबोधित करते हुए कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को पुलिस थानों और अभय कमांड सेंटर का भ्रमण कराकर पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।

16 अप्रैल को पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में आयोजित सेरेमोनियल परेड में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने सलामी ली। परेड का नेतृत्व आईपीएस अधिकारी आयुष क्षत्रिय ने किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी एवं जिले के थानाधिकारी भी उपस्थित रहे। शाम को पुलिस बैंड प्रदर्शन और प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया गया।कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवा देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कुल 165 कार्मिकों को सेवा चिन्ह प्रदान किए गए, जिनमें 30 को सर्वोत्तम, 14 को अति उत्तम और 121 को उत्तम सेवा चिन्ह से नवाजा गया।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं मीडियाकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।इसके साथ ही पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा डिस्पेंसरी में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रक्तदान किया।

खबर को शेयर करे :-