भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद्, भगत सिंह शाखा की प्रथम कार्यकारिणी बैठक शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ, जिसके बाद नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत एवं परिचय सत्र आयोजित किया गया।
बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। विशेष रूप से शाखा के सभी सदस्यों से जीवंत संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही 20 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले मेडिकल कैम्प की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
शाखा के सचिव मुकेश छीपा ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी माह में अभिरुचि शिविर, पर्यावरण सप्ताह, 500 पक्षी परिंडा वितरण, नई प्याऊ स्थापना एवं वाटर कूलर दान जैसे सेवा कार्य किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शाखा अपने कार्यक्षेत्र का विस्तार करते हुए स्थायी प्रकल्प के अंतर्गत एक विद्यालय को गोद लेगी, जहां वर्षभर विकास एवं सेवा संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। सभी सदस्यों ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।
