आरएएस-2024 में भीलवाड़ा के अमित नौलखा को 123वीं रैंक

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित आरएएस परीक्षा-2024 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस परीक्षा में भीलवाड़ा के सीसीबी मैनेजर अमित नौलखा ने 123वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

अमित नौलखा वर्तमान में द सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की भीलवाड़ा शाखा में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वे सांवरिया मंदिर के पास आजाद नगर क्षेत्र के निवासी हैं। नौकरी के साथ पढ़ाई करते हुए उन्होंने सफलता हासिल की। वे रोजाना सुबह ड्यूटी से पहले करीब तीन घंटे और शाम को 2-3 घंटे अध्ययन करते थे।

अमित का कहना है कि सफलता के लिए पढ़ाई के घंटों से अधिक उसकी गुणवत्ता महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि रटने के बजाय विषय को समझने और विश्लेषणात्मक (एनालिटिकल) तैयारी पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि आरपीएससी का पैटर्न अब यूपीएससी की तर्ज पर विकसित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि उन्होंने दो बार आरएएस मुख्य परीक्षा दी थी। पहली बार ही इंटरव्यू में सफलता प्राप्त कर चयन सुनिश्चित किया। अमित ने कहा कि परीक्षा और साक्षात्कार के अनुभव के आधार पर उन्हें अपने चयन को लेकर पूरा विश्वास था।

अमित नौलखा सीए और सीएस भी हैं। उनकी इस सफलता का श्रेय वे अपने पिता अशोक नौलखा (कपड़ा व्यवसायी), माता अनिता नौलखा और पत्नी अपर्णा को देते हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका मनोबल बढ़ाया।

परिवार में शैक्षणिक उपलब्धियों की परंपरा भी उल्लेखनीय है। उनके छोटे भाई अजय नौलखा, जो सीएस और एलएलबी हैं, वर्तमान में हाईकोर्ट में वकालत कर रहे हैं।

खबर को शेयर करे :-