चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले में नव नियुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के सम्मान में सामुदायिक स्वास्थ्य संगठन द्वारा एक निजी होटल में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवनियुक्त अधिकारियों का माल्यार्पण, कुमकुम तिलक और मुंह मीठा कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष विपुल शर्मा ने कहा कि पिछले चार वर्षों में CHO ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत अब गांवों में ही लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे मरीजों को दूर-दराज अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में CHO की तैनाती से पीएचसी, सीएचसी, उपजिला अस्पताल और जिला अस्पतालों में ओपीडी का दबाव कम हुआ है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आया है और मरीजों को बेहतर उपचार मिल पा रहा है।
नव नियुक्त CHO के आगमन से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी। दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को अब अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत भी होगी।
इस अवसर पर संगठन के जिला संरक्षक डॉ. सी.पी. पटेल, जिला महासचिव सुनील गवारिया, हेमराज मीणा, जिला मंत्री शौकीन रेगर, ब्लॉक अध्यक्ष राकेश पानिया, सुनीता धाकड़, चिरंजीव रेगर, पूर्णिमा पलाडिया सहित बड़ी संख्या में CHO और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रईस मंसूरी ने किया।
कार्यक्रम में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने और आमजन तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
