बिजयनगर (राजस्थान)
रविवार को बिजयनगर में उस समय खासा उत्साह देखने को मिला, जब राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और टोंक विधायक सचिन पायलट का काफिला यहां कुछ देर के लिए रुका। वे आसींद (भीलवाड़ा) की ओर जा रहे थे और राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित 27 मील चौराहे पर उनका स्वागत करने के लिए पहले से बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंकित तातेड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। फूलमालाएं पहनाकर, साफा बांधकर और स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान समर्थकों के नारों से माहौल पूरी तरह जोश से भर गया।
काफिले के रुकने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंचने लगे, जिससे मौके पर अच्छी-खासी भीड़ जुट गई। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और सुव्यवस्था भी देखने को मिली, जिसे स्थानीय संगठन की सक्रियता से जोड़ा जा रहा है।
इस अवसर पर सचिन पायलट ने नव नियुक्त नगर अध्यक्ष अंकित तातेड़ को बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया। वहीं तातेड़ ने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को सशक्त करेंगे और आगामी नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस की स्थिति मजबूत करने के लिए प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने शहर के विकास, जनहित के मुद्दों के समाधान और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देने की बात कही।
कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य संग्राम सिंह गुर्जर, अधिवेश पारीक, सहदेव सिंह कुशवाह, दौलतराम माणकचंदनी, ओमप्रकाश माली, पीयूल लुणावत, राजेश तिवाड़ी, प्रवीण सिखवाल, ओमप्रकाश मेधवंशी, ऋषि जांगिड़, दाऊद कुरैशी, शहजाद मंसूरी, जितेंद्र बैरवा, अनीस अंसारी, अकरम खान, फिरोज खान, हबीब खान, अनवर पठान, आजाद पठान, भोपाल सिंह और अमित जोशी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संक्षिप्त प्रवास के बाद सचिन पायलट ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत आसींद के लिए रवाना हो गए।
