एक महीने में दूसरी चोरी की वारदात से लोगों में आक्रोश
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
जहाजपुर कस्बे में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने मांडलगढ़ रोड स्थित श्मशान घाट को निशाना बनाते हुए कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे पीतल और स्टील के सामान चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार देर रात चोर श्मशान घाट परिसर में बने कमरे में घुसे और अंदर रखे बक्से से पांच पीतल की चरियां, चार स्टील बाल्टियां, एक एल्युमिनियम भगोना तथा दो कट्टों में भरा स्टील का सामान चोरी कर फरार हो गए।
श्मशान घाट समिति के व्यवस्थापक रामकुमार सरार्फ ने बताया कि पिछले एक महीने में यह दूसरी चोरी की घटना है। उन्होंने कहा कि करीब 15 दिन पहले हुई चोरी की घटना को लेकर पुलिस थाने में नामजद रिपोर्ट भी दी गई थी, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से आमजन में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की वारदातों पर जल्द अंकुश लगाने और पुरानी घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लगातार हो रही वारदातों के बावजूद चोर पुलिस गिरफ्त से दूर हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
