भाजपा के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ, राष्ट्रवाद और संगठन शक्ति पर जोर

खबर को शेयर करे :-

सांसद दामोदर अग्रवाल बोले — भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, वैचारिक आंदोलन है

जहाजपुर, 23 मई। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भाजपा भीलवाड़ा जिला संगठन द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को जहाजपुर स्थित स्वस्तिधाम मांगलिक भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। शिविर में भाजपा के वैचारिक आधार, संगठन विस्तार, राष्ट्रीय चुनौतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल रहे, जबकि भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। शिविर की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता पेंटर सूरज ने की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद से प्रेरित वैचारिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सोच सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और “राष्ट्र प्रथम” की भावना पर आधारित है। उन्होंने एकात्म मानववाद और अंत्योदय की अवधारणा को भाजपा की मूल विचारधारा बताया।

दूसरे सत्र में प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने कभी सत्ता के लिए अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन के इतिहास से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

तीसरे सत्र में प्रदेश महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम ने देश के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में अरबन नक्सलवाद देश के लिए गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा और एकता को मजबूत करने पर जोर दिया।

चौथे सत्र में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने भीलवाड़ा जिले में जल संसाधन विभाग के तहत 198 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए हैं।

पांचवें सत्र में भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर ने कार्यकर्ता निर्माण और संगठन में दायित्व बोध पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा में पद सेवा का माध्यम है और कार्यकर्ताओं को निरंतर स्वयं को विकसित करना चाहिए।

प्रशिक्षण शिविर में भाजपा जिला संगठन द्वारा नवाचार करते हुए विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता बूथ अध्यक्षों से करवाई गई, जिसे कार्यकर्ताओं ने सराहा। इसके अलावा आयोजन स्थल पर भाजपा जिला संगठन और मंडलों की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई।

शिविर में जिलेभर से 200 से अधिक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

खबर को शेयर करे :-