कृषि अधिकारी ने किया खाद-बीज दुकानों का निरीक्षण, गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा।कृषि आयुक्तालय जयपुर एवं संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) भीलवाड़ा के निर्देशन में गुरुवार को कृषि विभाग द्वारा विशेष गुणवत्ता नियंत्रण अभियान के तहत खाद-बीज की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कृषि अधिकारी कजोड़मल गुर्जर ने विभिन्न विक्रेताओं के यहां पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच की तथा किसानों को उच्च गुणवत्ता के कृषि आदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं के वैध अनुज्ञापत्र, गोदाम अनुज्ञापत्र में पंजीकरण, विक्रय स्थल पर मूल्य सूची एवं स्टॉक की स्थिति, तथा स्टॉक रजिस्टर के संधारण की जांच की गई। साथ ही यह भी देखा गया कि स्टॉक रजिस्टर नवीनतम तिथि तक अपडेट है या नहीं तथा उसका बैलेंस उपलब्ध माल से मेल खाता है या नहीं।

कृषि अधिकारी गुर्जर ने बताया कि स्टॉक रजिस्टर का क्रय बिलों से मिलान, आदान विक्रय की बिल बुक का निर्धारित प्रपत्र में संधारण, रसीदों में पूर्ण विवरण सहित कृषक के हस्ताक्षर, तथा अनुज्ञापत्र में दर्शाए गए उत्पादों के अतिरिक्त अन्य उत्पादों के विक्रय की भी जांच की गई।

उन्होंने सभी कृषि आदान विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसानों को उपलब्ध कराए जाने वाले प्रत्येक उत्पाद का पक्का बिल अनिवार्य रूप से दिया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री मिल सके।

इस दौरान मेवाड़ कृषि सेवा केन्द्र, अरावली सीड्स कॉरपोरेशन एवं श्री चारभुजा खाद-बीज भंडार, सुवाणा का निरीक्षण किया गया।

खबर को शेयर करे :-