बापूनगर पीएचसी में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, विधायक कोठारी ने दी सरकारी योजनाओं की जानकारी

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत बुधवार को बापूनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें एनीमिया से बचाव, आयरन की आवश्यकता और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

शिविर में भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी पहुंचे और गर्भवती महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा चिकित्सकों की सलाह का पालन करने की आवश्यकता बताई। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को फल भी वितरित किए गए।

शिविर में बताया गया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं, जांच और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान कर उचित उपचार किया जा सके।

इस अवसर पर शिक्षाविद् विवेक निमावत, हेमेन्द्र सिंह उपरेडा, सत्यनारायण गुग्गड़, दिनेश सुथार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। चिकित्सालय प्रभारी डॉ. अनुराग शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड