भीलवाड़ा जिले की नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के नतीजे घोषित, भाजपा को 7, कांग्रेस को 3 में मिली सफलता, बनेड़ा में लॉटरी से हुआ फैसला

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। जिले की 10 नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। चुनाव परिणामों में भाजपा के प्रत्याशियों ने 7 नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी 3 नगर पालिकाओं में विजयी रहे। बनेड़ा में भाजपा और कांग्रेस के बराबर मत आने के बाद लॉटरी के जरिए अध्यक्ष पद का फैसला किया गया।

भाजपा को इन नगर पालिकाओं में मिली सफलता

भाजपा ने आसींद, जहाजपुर, बिजौलिया, बनेड़ा, बीगोद, मांडलगढ़ और गुलाबपुरा नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद हासिल किया।

आसींद में सत्येंद्र सिंह चौहान ने कांग्रेस के दिनेश गोखरू को 17 मतों से हराया। सत्येंद्र सिंह चौहान को 17 और दिनेश गोखरू को 0 मत मिले।

जहाजपुर में भाजपा के अल्केश पवन वैष्णव ने 23 मत हासिल कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी को 2 मत मिले।

बिजौलिया में भाजपा की स्नेहा तिवाड़ी को 16 मत मिले, जबकि कांग्रेस को 9 मत प्राप्त हुए।

बीगोद में भाजपा के लोकेश नागौरी प्रथम चेयरमैन निर्वाचित हुए। भाजपा को 16, कांग्रेस को 6 और निर्दलीय को 3 मत मिले।

मांडलगढ़ में भाजपा की श्वेता डांगी ने 12 मत हासिल कर जीत दर्ज की। जूली ओस्तवाल को 6 और जहरा फातिमा को 2 मत मिले।

गुलाबपुरा में भाजपा की विष्णु देवी वैष्णव अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। भाजपा को 18 और कांग्रेस को 17 मत मिले।

बनेड़ा में लॉटरी से हुआ फैसला

बनेड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पद का मुकाबला बराबरी पर रहा। भाजपा और कांग्रेस को 10-10 मत मिले। इसके बाद लॉटरी के जरिए अध्यक्ष पद का फैसला किया गया। नन्हे बच्चे से लॉटरी निकलवाई गई और राजाधिराज गोपाल चरण सिसोदिया को बनेड़ा नगर पालिका का प्रथम पालिकाध्यक्ष घोषित किया गया।

कांग्रेस को तीन नगर पालिकाओं में सफलता

कांग्रेस ने गंगापुर, हमीरगढ़ और शाहपुरा नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

गंगापुर में कांग्रेस की प्रीति काकानी को 15 मत मिले, जबकि भाजपा को 10 मत प्राप्त हुए।

हमीरगढ़ में कांग्रेस के प्रकाश जाट अध्यक्ष निर्वाचित हुए। कांग्रेस को 12 और भाजपा को 8 मत मिले।

शाहपुरा में कांग्रेस के रमेश सेन ने एक मत से जीत दर्ज की और नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बना।

इस प्रकार जिले की 10 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पद के परिणामों में भाजपा को 7 और कांग्रेस को 3 नगर पालिकाओं में सफलता मिली। बनेड़ा में बराबर मतों के बाद लॉटरी से हुआ फैसला चुनाव परिणाम का प्रमुख घटनाक्रम रहा।

खबर को शेयर करे :-