भीलवाड़ा। माण्डल थाना क्षेत्र के रावों का खेड़ा गांव में एक व्यक्ति को पोल से बांधकर मारपीट करने के वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट करने के बाद पीड़ित पक्ष को बाहर ले जाकर पोल से बांध दिया था। मामले में जमीन के कागजात और 9 लाख रुपये की मांग किए जाने का भी आरोप है।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहाड़ा बुद्धराज और माण्डल वृत्ताधिकारी राहुल जोशी के निर्देशन में थानाधिकारी गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार 19 सितंबर 2026 को रावों का खेड़ा निवासी शांति देवी ने थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग एक राय होकर उनके घर में घुसे और उनके तथा उनके पुत्र व परिवार के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें घर से बाहर ले जाकर पोल से बांधकर मारपीट की गई तथा जमीन के कागजात और 9 लाख रुपये की मांग की गई।
रिपोर्ट के आधार पर माण्डल थाने में प्रकरण संख्या 287/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में जांच शुरू की गई। मामले की जांच उप निरीक्षक देवलाल द्वारा की जा रही है।
वायरल वीडियो से आरोपियों की पहचान
पुलिस टीम ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करते हुए घटना में कथित रूप से शामिल पांच लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सज्जन सिंह पुत्र अग्रसिंह राव, लादूलाल पुत्र चुन्नीलाल राव उम्र 74 वर्ष, गोपाल सिंह पुत्र बालू सिंह राव उम्र 62 वर्ष निवासी लाछुड़ा थाना आसींद, चैन सिंह पुत्र भैरू सिंह राव उम्र 70 वर्ष निवासी रावों का खेड़ा तथा लाड देवी पत्नी चैन सिंह राव उम्र 60 वर्ष निवासी रावों का खेड़ा शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में हिम्मत सिंह पुत्र चैन सिंह और लक्ष्मण सिंह पुत्र रतन सिंह राव, निवासी रावों का खेड़ा को पूर्व में धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है।
दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 को हिम्मत सिंह ने सुरेश पुत्र नंदलाल राव के खिलाफ अपनी बहन गंगा देवी को भगाकर ले जाने और बंधक बनाकर रखने के संबंध में रिपोर्ट दी थी। इस पर माण्डल थाने में प्रकरण संख्या 286/2026 धारा 87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते रावों का खेड़ा में मारपीट की घटना हुई। पुलिस मामले में शेष आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस टीम में थानाधिकारी गजेन्द्र सिंह, जांच अधिकारी उप निरीक्षक देवलाल, हेड कांस्टेबल श्याम सुंदर सिंह, कांस्टेबल सजेंश कुमार, रमेश कुमार और रामदेव शामिल रहे।
