भीलवाड़ा। नगर निगम महापौर जसवंत कंवर ने शहर की सफाई एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंगलवार, 6 अक्टूबर को विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। महापौर ने वार्ड संख्या 14, 66, 67, 68 एवं 69 का दौरा कर मौके पर जनसमस्याओं और व्यवस्थाओं की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 14 में कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त नालियों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
वार्ड संख्या 66 में रेलवे अंडरब्रिज के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई कराने तथा आवश्यकतानुसार नई सड़क और नाली निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
वार्ड संख्या 67 में स्थानीय लोगों की सुविधा और बेहतर जल निकासी को ध्यान में रखते हुए पांडु के नाले की सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं वार्ड संख्या 68 एवं 69 में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था तथा नियमित सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को बेहतर सफाई एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
