नगर निगम महापौर व आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 25 सितंबर। नगर निगम भीलवाड़ा के शीर्ष अधिकारियों ने शहर की सफाई व्यवस्था, आंतरिक संसाधनों के संचालन और विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों के निर्देश दिए गए।

गेराज शाखा और ऑटो टिपरों का निरीक्षण

निरीक्षण की शुरुआत गेराज शाखा से हुई, जहाँ महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमानी और आयुक्त कमल सिंह यादव ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कई ऑटो टिपर गेराज परिसर में ही खड़े पाए गए। इस पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर मौजूद सुपरवाइजर को सभी वाहनों को तुरंत उनके निर्धारित वार्डों में संचालित करने के कड़े निर्देश दिए।

अधिकारियों ने मियाचंद जी की बावड़ी के पास स्थित नाले का मौका मुआयना किया। यातायात और आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क को चौड़ा किए जाने के उद्देश्य से नाले को शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात, आजाद चौक क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया, जहाँ निरीक्षण के दौरान कमियां पाई गईं। अधिकारियों ने संबंधित टीम को तुरंत व्यवस्थाओं में सुधार लाने और शहर में उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

सर्किट हाउस के पास बनेगा नया सार्वजनिक शौचालय

आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सर्किट हाउस के पास एक नया सार्वजनिक शौचालय निर्माण किए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे आवागमन करने वाले आमजन को राहत मिल सके।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म-जयंती के अवसर पर नगर निगम परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमानी और आयुक्त कमल सिंह यादव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और स्वच्छता का संदेश दिया।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड