महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन से की मुलाकात, धार्मिक आयोजनों की सराहना
भीलवाड़ा, 23 मई।राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी शनिवार को भीलवाड़ा स्थित हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर पहुंचे। आश्रम पहुंचने पर संत मायाराम एवं संत गोविंद राम ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में चल रहे धार्मिक आयोजनों की जानकारी प्राप्त की और संतों से आशीर्वाद लिया।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित विष्णु यज्ञ में भाग लेते हुए यज्ञशाला की परिक्रमा की। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच उन्होंने प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद उन्होंने आश्रम परिसर स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर पावन कल्पवृक्ष के दर्शन किए। दौरे के दौरान देवनानी ने हरि शेवा उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। दोनों के बीच धार्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा भी हुई।
आश्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं और समिति सदस्यों ने विधानसभा अध्यक्ष का अभिनंदन किया। देवनानी ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में आयोजित सेवा-सुमिरन, यज्ञ और धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर जसमित सिंह संधू, उपजिला मजिस्ट्रेट अरुण जैन, पुलिस उपाधीक्षक सज्जन सिंह, रविंद्र कुमार जाजू, मनीषा जाजू, विनोद झूर्रानी, मनीष सबदानी एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली सहित कई गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी चित्तौड़गढ़ के लिए रवाना हो गए।
