निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की हाई लेवल बैठक, स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता

खबर को शेयर करे :-

वार्ड के स्थानीय निवासी और निर्धारित श्रेणी के दावेदारों को प्राथमिकता, आरक्षित वार्डों में स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं को मिलेगा अवसर

भीलवाड़ा। नगर निगम भीलवाड़ा सहित जिले की 10 नगर पालिकाओं में प्रस्तावित निकाय चुनावों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को अहम बैठक आयोजित हुई। अजमेर संभाग चुनाव प्रभारी एवं राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी के मुख्य आतिथ्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनावी तैयारियों, वार्ड स्तर पर रायशुमारी और संभावित प्रत्याशियों के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सांसद दामोदर अग्रवाल, संभाग चुनाव सह प्रभारी लालचंद कटारिया, जिला संगठन प्रभारी संजय जैन, सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, विधायक गोपीचंद मीणा, लालाराम बैरवा, पूर्व विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, पूर्व महापौर राकेश पाठक और नगर निगम प्रभारी वीरमदेव जैसास सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि संभाग चुनाव प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने अब तक हुई चुनावी गतिविधियों और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि निकाय चुनाव में संबंधित वार्ड के स्थानीय निवासी कार्यकर्ता को प्राथमिकता दी जाएगी। वार्ड के लिए जो श्रेणी निर्धारित है, उसी श्रेणी के दावेदारों को प्रथम प्राथमिकता मिलेगी। महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों में भी स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं को टिकट वितरण में प्राथमिकता देने की बात कही गई।

चतुर्वेदी ने कहा कि पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रति सकारात्मक वातावरण बना हुआ है। केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश और प्रदेश में चल रही डबल इंजन की सरकार निश्चित रूप से ट्रिपल इंजन की सरकार में परिवर्तित होगी।

उन्होंने वार्ड प्रभारियों, संयोजकों और समन्वयकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने वार्डों में जाकर रायशुमारी करें। संभावित दावेदारों से आवेदन प्राप्त कर पैनल तैयार करें और अपनी रिपोर्ट जिला संगठन तक पहुंचाएं। इससे प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को वार्ड स्तर की राय और स्थानीय समीकरणों के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकेगा।

नगरपालिका क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन जारी

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने बैठक में जिले की विभिन्न नगरपालिका क्षेत्रों में चल रहे कार्यकर्ता सम्मेलनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगरपालिका क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन लगातार जारी है और इनमें कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।

रविवार को बिजौलिया नगरपालिका क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में विधायक गोपीचंद मीणा और जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा मौजूद रहे। गुलाबपुरा नगरपालिका कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक उदयलाल भड़ाणा ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया, जबकि बनेड़ा नगरपालिका सम्मेलन में पूर्व जिला प्रमुख शक्ति सिंह हाड़ा मुख्य वक्ता रहे।

इसी प्रकार बिगोद नगरपालिका कार्यकर्ता सम्मेलन में रामपाल शर्मा, हमीरगढ़ नगरपालिका सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली तथा मांडलगढ़ नगरपालिका सम्मेलन में पूर्व महापौर राकेश पाठक ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भाजपा संगठन इन सम्मेलनों के माध्यम से निकाय चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने में जुटा हुआ है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड