विधायक अशोक कोठारी की पहल: भीलवाड़ा की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए अतिरिक्त बजट स्वीकृत

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 18 अप्रैल। शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा देने और जर्जर सड़कों की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की पहल रंग लाई है। नगर विकास न्यास (यूआईटी) ने शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए अतिरिक्त बजट स्वीकृत किया है।

न्यास अध्यक्ष जसमीत सिंह संधू और सचिव ललित गोयल ने बताया कि लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे शहर में सड़क सुधार कार्य तेजी से किए जा सकेंगे।

विधायक कोठारी ने कहा कि बढ़ते यातायात दबाव और बरसात के दौरान सड़कों की खराब हालत को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

यूआईटी ने कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए शहर को चार खंडों में विभाजित किया है, जिससे प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से काम हो सके और मॉनिटरिंग भी आसान रहे। साथ ही, इस बार टेंडर प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम करने के लिए नवाचार किए गए हैं, ताकि कार्य शीघ्र और पारदर्शिता के साथ पूर्ण हो सकें।

सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने पांसल चौराहे से 100 फीट रोड होते हुए सुखाडिया सर्किल तक चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके साथ ही शिवम कॉलोनी के पास एकतरफा सड़क को पूर्ण करने और रेलवे अंडरब्रिज के पास खाली पड़ी जगह पर सड़क निर्माण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को फोन पर तुरंत कार्रवाई करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस सड़क का मुद्दा वे पहले ही नगर विकास न्यास, स्वायत्त शासन विभाग और संबंधित मंत्री के समक्ष उठा चुके हैं तथा विधानसभा में भी प्रमुखता से रखा गया था।

गौरतलब है कि यह सड़क पिछले 8 महीनों से जर्जर स्थिति में थी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी और कई हादसे भी हो चुके थे।

विधायक कोठारी ने बताया कि पांसल चौराहे से 100 फीट रोड का कार्य पूरा होने के बाद चारभुजा मंदिर और शारदा चौराहा क्षेत्र में काम शुरू किया जाएगा। इसके बाद सर्किट हाउस के सामने और मिर्ची मंडी रोड पर भी शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को जल्द राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान दीपक डागा, राजकुमार ईनाणी, एडवोकेट अर्पित कोठारी, गजेन्द्र सिंह राठौड़, बाबूलाल टाक और पृथ्वीराज सिंह मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे :-