भीलवाड़ा। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की महानगर बैठक रविवार को आदर्श विद्या मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की आगामी छह माह की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्ति युवा – विकसित भारत’ संवाद कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कार्यकर्ताओं को दिखाया गया।
महानगर अध्यक्ष राम प्रकाश बहेड़िया ने बताया कि संगठन की परंपरा के अनुसार प्रत्येक छह माह में प्रांत बैठक के बाद महानगर बैठक आयोजित की जाती है। इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत योजना बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत सह-मंत्री युधिष्ठिर सिंह ने आगामी छह माह में आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा अखंड भारत दिवस, शौर्य यात्रा, बूढ़ा अमरनाथ यात्रा तथा विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इन आयोजनों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
‘नशा मुक्ति युवा – विकसित भारत’ संवाद का लाइव प्रसारण
बैठक के दौरान विशेष सत्र में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्ति युवा – विकसित भारत’ संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कई पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में प्रांत धर्माचार्य कार्यकारिणी सदस्य बालमुकुंद शर्मा, प्रांत सह-संयोजक अखिलेश व्यास, महानगर से भारत गैंगट, सौम्य मेहता, बजरंग दल संयोजक मुकेश प्रजापत, सह-संयोजक हितेश नाथ, राजू माली, गौरव जीनगर, घनश्याम खंडेलवाल, दुर्गा वाहिनी सह-संयोजिका सीमा पारिक, मातृशक्ति से लक्ष्मी वर्मा, गायत्री सोनी, सत्संग प्रमुख सुशीला, निलेश सोनी, संजय सेन, सत्तू बजरंगी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी तथा प्रखंड एवं खंड स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
