भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर शाहपुरा में भव्य आयोजन, वाहन रैली व महाआरती होगी

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। शाहपुरा-सकल ब्राह्मण समाज एवं विप्र सेना शाहपुरा के तत्वावधान में भगवान श्री हरि विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 18 अप्रैल सायं 7 बजे भगवान श्री परशुराम जी मंदिर में भजन संध्या से होगी, जिसमें भक्तगण भक्ति रस में सराबोर होंगे।
19 अप्रैल को प्रातः 8:15 बजे भगवान परशुराम जी का विधि-विधान से अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात सायं 5 बजे रामद्वारा से भव्य वाहन रैली का शुभारंभ होगा, जो शहर के प्रमुख मार्गों—कलिंजरी गेट, बालाजी की छतरी, त्रिमूर्ति चौराहा, भाणा गणेश जी मंदिर एवं खान्या बालाजी होते हुए भगवान परशुराम जी मंदिर पहुंचेगी।
रैली के मंदिर पहुंचने पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा तथा भगवान को भोग लगाकर प्रसादी वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में विप्र सेना की महिला, युवा एवं जिला कार्यकारिणी सहित समाज के अनेक लोग सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
आयोजकों ने समस्त समाजजनों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।

खबर को शेयर करे :-