प्रधानमंत्री ई-बस सेवा का शुभारंभ, भीलवाड़ा को मिली आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सौगात

खबर को शेयर करे :-

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल रूप से दिखाई हरी झंडी, पहले चरण में 18 ई-बसों का संचालन शुरू

भीलवाड़ा, 20 जून। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भीलवाड़ा शहर में इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल माध्यम से ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर संचालन की शुरुआत की। इस अवसर पर नगर निगम परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना शहरी परिवहन में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जयपुर के लिए 29 और भीलवाड़ा के लिए 18 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और यात्रियों को सुविधाजनक, सुरक्षित तथा आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। बसों में एयर कंडीशनिंग, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ई-बस सेवा से शहरवासियों को किफायती, वातानुकूलित और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही डीजल और पेट्रोल आधारित वाहनों पर निर्भरता कम होने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।शहर विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा का देश के चयनित शहरों में शामिल होना गौरव की बात है। वहीं मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना ने इसे क्षेत्र के विकास और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।सांसद दामोदर अग्रवाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत भीलवाड़ा को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। इनका संचालन शहर और आसपास के क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।

50 इलेक्ट्रिक बसों का होगा संचालनप्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भीलवाड़ा को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों का संचालन शहर सहित लगभग 35 किलोमीटर के दायरे में किया जाएगा, जिससे करीब 65 गांवों के लोगों को भी बेहतर परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा।

9.5 करोड़ रुपये की लागत से बना आधुनिक बस डिपोयोजना के सफल संचालन के लिए मोहनलाल सुखाड़िया नगर में 16,742.56 वर्गमीटर भूमि पर लगभग 9.5 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस डिपो का निर्माण किया गया है। यह डिपो ई-बसों के संचालन, चार्जिंग और रखरखाव की सभी सुविधाओं से सुसज्जित है।यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएंई-बसों में दिव्यांगजनों के लिए रैंप एवं लिफ्ट, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं, एयर कंडीशनिंग, ऑटोमेटिक पैसेंजर काउंटिंग सिस्टम, पब्लिक सेफ्टी सेंसर गेट, आपातकालीन निकास द्वार तथा प्रत्येक बस में 8 सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। कैमरों की रिकॉर्डिंग लगभग एक माह तक सुरक्षित रखी जा सकेगी।

प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना को भीलवाड़ा में स्वच्छ, हरित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे आमजन को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

खबर को शेयर करे :-