17 सितंबर से शुरू होगा ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान
भीलवाड़ा। नगर निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने शहर की सफाई व्यवस्था और विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं इंजीनियरों को सफाई व्यवस्था में सुधार करने के साथ ही विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त यादव ने बडला चौराहा, जूनावास, नीलगिरो की मस्जिद, बहाला, पंचमुखी रोड और भवानी नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर सफाई की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयुक्त ने पुर घाटी स्थित हनुमानजी सड़क निर्माण कार्य तथा बलिया खेड़ा गांव से श्मशान घाट तक बन रही सीसी रोड का निरीक्षण किया। बलिया खेड़ा सड़क मार्ग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की ढलान (स्लोप) को सही करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार एवं अधिकारियों को दिए, ताकि सड़क पर जलभराव की स्थिति न बने और आमजन को आवागमन में परेशानी नहीं हो।
निरीक्षण के दौरान निगम के संबंधित अधिकारी एवं इंजीनियर भी मौजूद रहे। आयुक्त ने अधिकारियों को विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में नगर निगम भीलवाड़ा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान आयोजित किया जाएगा। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है।
अभियान के तहत शहर में विभिन्न स्वच्छता, जागरूकता और जनसहभागिता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें दीप प्रज्वलन, CTU सफाई एवं सौंदर्यीकरण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्यशाला, विद्यार्थियों को ठोस कचरा प्रबंधन (SWM) से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी देना तथा सार्वजनिक स्थलों और सार्वजनिक शौचालयों की विशेष सफाई शामिल है।
इसके अलावा “एक पेड़ मां के नाम” पहल के तहत विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। स्वच्छता ही सेवा अभियान की गाइडलाइन के प्रथम चरण में 17 से 22 सितंबर तक विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। निगम का उद्देश्य अभियान के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वच्छता कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाना है।
