श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी, प्रशासन से सफाई और सीसी रोड निर्माण की मांग
शाहपुरा (भीलवाड़ा) (राजेन्द्र खटीक)। शाहपुरा रियासत के एकमात्र शीतला माता स्थान के आसपास इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक महत्व वाले इस स्थान पर नियमित सफाई नहीं होने से श्रद्धालुओं और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शाहपुरा बाग से राज परिवार भी शीतला माता के दर्शन के लिए यहां आता है। इसके बावजूद मंदिर के आसपास कचरा जमा होने और गंदगी के कारण क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो रहा है। मोहल्ले का कचरा भी यहां डाले जाने की शिकायत सामने आई है।
लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पेशाबघर की व्यवस्था होने के बावजूद कुछ लोग खुले में पेशाब करते हैं, जिसके चलते आसपास के लोगों को दिनभर दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। गंदगी और बदबू के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीतला माता गली से अपना बाजार होते हुए शाहपुरा बाग तक सीसी रोड बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर होने के साथ बड़े त्योहारों के दौरान लगने वाले यातायात जाम की समस्या से भी राहत मिल सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से धार्मिक स्थल की साफ-सफाई, कचरा निस्तारण और खुले में गंदगी फैलाने पर रोक लगाने के साथ क्षेत्र की सड़क व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
