सिंधी सेंट्रल पंचायत करेगी सिंधु भवन का कायाकल्प, बनेंगे 20 कमरे और दो एसी हॉल

खबर को शेयर करे :-

करीब दो करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य, 10 भामाशाहों ने 50 लाख रुपये देने की घोषणा की

भीलवाड़ा। सिंधी समाज के सामाजिक एवं सामुदायिक विकास की दिशा में सिंधी सेंट्रल पंचायत ने ज्योति नगर स्थित सिंधु भवन के कायाकल्प की योजना बनाई है। इसके तहत भवन में 20 कमरों और दो वातानुकूलित (एसी) हॉल का निर्माण करवाया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए पंचायत ने समाज के भामाशाहों के सहयोग से करीब दो करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। कार्यकारिणी की बैठक में 10 भामाशाहों ने कुल 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।

पंचायत के मीडिया प्रभारी भगवान मेठानी ने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक में पंचायत अध्यक्ष लीलाराम सबनानी ने सिंधु भवन में कमरों के निर्माण का प्रस्ताव रखा और निर्माण संबंधी नक्शा प्रस्तुत किया। कार्यकारिणी ने प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी देते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर भामाशाहों के सहयोग से निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने पर सहमति जताई।

भामाशाहों के पूर्वजों के नाम पर बनेंगे कमरे

सिंधु भवन में बनने वाले कमरों का नामकरण सहयोग देने वाले भामाशाहों के पूर्वजों के नाम पर किया जाएगा। इससे समाज के विकास में योगदान देने वाले परिवारों के पूर्वजों की स्मृति को संजोया जा सकेगा। अध्यक्ष लीलाराम सबनानी ने प्रस्ताव रखा कि भवन के नाम के साथ सर्वाधिक आर्थिक सहयोग देने वाले भामाशाह का नाम जोड़ने को प्राथमिकता दी जाए। इस पहल का उद्देश्य समाज के लोगों को अधिकाधिक सहयोग के लिए प्रेरित करना है।

समाज के उत्थान और महिला विंग पर भी चर्चा

बैठक में पंचायत के महामंत्री चंद्रप्रकाश चंदनानी ने समाज के उत्थान से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव रखे। उपाध्यक्ष आरके खोतानी ने महिला विंग गठित करने का सुझाव दिया। बैठक में भीलवाड़ा शहर के आठ मंदिरों के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया था।

बैठक में पूर्व पार्षद शंकरलाल मेठानी, ओम गुलाबानी, ईश्वर आसानी, पवन ठाकुर, एडवोकेट दीपक खुबवानी और लक्ष्मण साजनानी सहित अन्य विशेष आमंत्रित सदस्य उपस्थित रहे।

झूलेलाल मंदिर उत्तर क्षेत्र से लालचंद नथरानी, शाम की सब्जी मंडी स्थित झूलेलाल मंदिर से हेमन उस्ताद, नाथद्वारा सराय स्थित झूलेलाल मंदिर से चेलाराम और गुलशन विधानी, पंचवटी झूलेलाल मंदिर से सुरेश लोंगवानी एवं सुरेश दादवाणी, सिंधुनगर झूलेलाल मंदिर से प्रकाश कोरानी तथा चंद्रशेखर आजाद नगर से आसनदास सहित पंचायत के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

बैठक का संचालन लक्ष्मण लालवानी ने किया। सिंधी सेंट्रल पंचायत की इस पहल से समाज को सामाजिक, पारिवारिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सामूहिक सहयोग की भावना को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड