दो माह तक चलेगा विशेष अभियान, बसों में फिटनेस, परमिट, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास की होगी जांच; अनियमितता मिलने पर बस होगी जब्त
भीलवाड़ा। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यात्री वाहनों में वैधानिक सुरक्षा मानकों की पालना करवाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सोमवार को ‘सड़क सुरक्षा अभियान 2.0’ का शुभारंभ किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (राल्सा), जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय जैन के निर्देशन में शुरू हुआ यह अभियान 16 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक संचालित होगा।
अभियान का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने नेहरू गार्डन स्थित प्राइवेट बस स्टैंड से किया। इस दौरान उन्होंने बसों का निरीक्षण कर संचालकों एवं संबंधित व्यक्तियों को यात्री सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के तहत स्लीपर कोच, लग्जरी बस, सिटी बस और मिनी बसों की सघन जांच की जा रही है। परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र, वैध परमिट, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र की जांच करेंगी। इसके साथ ही आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, बसों में अनधिकृत बदलाव, संरचनात्मक खामियों तथा निर्धारित स्पीड गवर्नर की कार्यप्रणाली की भी जांच की जाएगी।
शिकायत के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर
निरीक्षण के दौरान सचिव रश्मि आर्य ने बस संचालकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बस में शिकायत पेटी लगाना अनिवार्य होगा। यात्रियों को बस संचालन, चालक-परिचालक के व्यवहार अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी से संबंधित कोई शिकायत या असुविधा होने पर हेल्पलाइन नंबर 8306002107 पर संपर्क करने की सुविधा दी गई है।
पांच बसों के चालान, 95 हजार का जुर्माना
अभियान के तहत लैंडमार्क होटल पर खड़ी स्लीपर लग्जरी बसों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) की टीम ने पांच बसों के चालान काटे। इन पर कुल 95 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
सचिव रश्मि आर्य ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में बसों में किसी भी प्रकार की सुरक्षा संबंधी कमी अथवा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार चालान बनाने के साथ बस जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीटीओ विभाग, यातायात थाना, पुलिस थाने की टीम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे। प्राधिकरण का उद्देश्य अभियान के माध्यम से यात्रियों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ जिले में सुरक्षित और सुगम परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।
