भीलवाड़ा, 4 अक्टूबर। सनमून पब्लिक स्कूल, आरके कॉलोनी के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय अंतर विद्यालय तैराकी प्रतियोगिता (अंडर-14) का समापन समारोह रविवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आई.डी. बेलिम ने अतिथियों का साफा पहनाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद् एवं पूर्व शिक्षा अधिकारी शंकर लाल माली तथा कानूनी सलाहकार, उच्च शिक्षा एवं लोक अदालत के सदस्य शांतिलाल जैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर जीनगर ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाजसेवी नोरतमल बापना, शिक्षा विभाग के खेल प्रभारी विश्वजीत सिंह, खेल अधिकारी हमेन्द्र सिंह, प्रधानाचार्य एवं विभागीय प्रतिनिधि रतन लाल खटीक तथा संजय जैन उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों ने पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, मेहनत और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपने विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में शांतिलाल जैन ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सनमून पब्लिक स्कूल प्रबंधन द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन और खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने विद्यालय की बेहतर व्यवस्थाओं एवं आयोजन को देखते हुए प्रबंधन को राज्यपाल स्तर पर सम्मानित किए जाने का आग्रह भी किया।
अतिथियों ने सनमून पब्लिक स्कूल द्वारा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों एवं खेल अधिकारियों के लिए भोजन, आवास, खेल स्थल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विद्यालय परिवार की ओर से की गईं।
अंत में आयोजक विद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्य ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षा विभाग, खेल अधिकारियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं विद्यालय की आयोजन समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
