चिताम्बा में अग्निवीरों का भव्य स्वागत, विशाल तिरंगा वाहन रैली से गूंजा देशभक्ति का माहौल

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 28 जून। भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर पहली बार अपने गृह जिले लौटे रावणा राजपूत समाज के युवाओं का रविवार को ग्राम चिताम्बा में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विशाल तिरंगा वाहन रैली निकाली गई, जिसमें देशभक्ति के नारों और उत्साहपूर्ण माहौल ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

अग्निवीरों के सम्मान में भारत पेट्रोल पंप, चिताम्बा से आवरा माताजी तक विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में युवा, ग्रामीण और समाजबंधु शामिल हुए। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सर्व समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर अग्निवीरों का स्वागत किया। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

ग्रामीणों एवं समाज के लोगों ने अग्निवीरों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय अभिनंदन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, युवाओं, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।

इस अवसर पर समाजसेवी एवं पूर्व सरपंच जगरूप सिंह रावणा, जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह गुढ़ा, अर्जुन सिंह (इंदौर), नारायण सिंह (कणवेरा), ओंकार सिंह (ज्ञानगढ़), राजेन्द्र सिंह (पारडी), कान सिंह फौजी, श्याम सिंह (करेड़ा), प्रिंस रावणा (चिताम्बा) तथा मेवाड़ मन्दारिया सिलोटी के अध्यक्ष गोपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सम्मानित अग्निवीरों में नारायण सिंह (रायपुर), सरदार सिंह (हुरड़ा), चन्द्र सिंह (आमदला), विशाल सिंह (तहलेटी), बाबू सिंह (गंगरार) एवं धर्मराज सिंह (सोलंकियों का खेड़ा) शामिल रहे।

सम्मानित अग्निवीरों ने समाज द्वारा मिले सम्मान और स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान देश सेवा के प्रति उनके संकल्प को और अधिक मजबूत करेगा तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगा।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और देश सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

खबर को शेयर करे :-