मांडल में नेशनल हाईवे किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी

खबर को शेयर करे :-

मांडल/भीलवाड़ा। जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे पर मांडल चौराहे के पास किसान कुल्फी के निकट गुरुवार तड़के एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस और मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे घटना की सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत और मेल नर्स दीपक शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखकर तत्काल अभय कमांड सेंटर और मांडल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को एम्बुलेंस से मांडल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान छोटू लाल तंबोली (45) पुत्र लादू लाल तंबोली, निवासी मांडल के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा

प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। हाईवे किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की घटना से मांडल क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबर को शेयर करे :-