भीलवाड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) एवं युवा कांग्रेस की ओर से आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर “पंचायत टास्क फोर्स” अभियान को लेकर संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने संगठन में सक्रिय युवाओं को चिन्हित कर उन्हें आगामी चुनावों में उचित प्रतिनिधित्व और अवसर देने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने बताया कि “पंचायत टास्क फोर्स” के माध्यम से संगठन में निष्ठापूर्वक एवं सक्रियता से कार्य कर रहे युवाओं को चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सक्रिय, जिताऊ और टिकाऊ युवाओं को आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए संगठन स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक सी.पी. मीणा ने कहा कि संगठन की मजबूती में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पंचायत टास्क फोर्स के माध्यम से ऐसे युवाओं को सामने लाया जाएगा, जो लगातार संगठन के लिए काम कर रहे हैं और जमीनी स्तर पर जनता के बीच सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को जिम्मेदारियां देकर संगठन में आगे बढ़ाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
पूर्व मंत्री एवं जिला प्रभारी नसीम अख्तर ने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। युवाओं को अवसर देकर संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती दी जा सकती है। पंचायत टास्क फोर्स के माध्यम से योग्य, सक्रिय और मेहनती युवाओं की पहचान कर उन्हें राजनीतिक एवं संगठनात्मक रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
इस संयुक्त प्रेस वार्ता में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक सी.पी. मीणा, पूर्व मंत्री एवं जिलाध्यक्ष रामलाल जाट, पूर्व मंत्री एवं जिला प्रभारी नसीम अख्तर, सह-प्रभारी कैलाश झालीवाल, विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, विधायक प्रत्याशी ओम नरानीवाल, विधायक प्रत्याशी नरेंद्र रेगर, प्रदेश सचिव शंकर गाडरी, अनुपम शर्मा, मुकेश वर्मा, प्रद्युम्न सिंह, महेश सोनी, आशीष चौधरी, आशीष राजस्थला, ओम प्रकाश तेली (एडवोकेट), गोविंद गुर्जर (पूर्व पार्षद) सहित जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं युवा पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर “पंचायत टास्क फोर्स” अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
