भीलवाड़ा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेंद्र मार्ग में भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के उपलक्ष्य में अभियंता दिवस (इंजीनियर्स डे) एवं विश्व ओजोन दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इंजीनियर्स डे के अवसर पर नवाचार एवं प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के राष्ट्र निर्माण में योगदान, उनकी दूरदर्शी सोच और तकनीकी उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा देश के तकनीकी विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्राध्यापक धीरज जोशी एवं सुरेंद्र चौहान ने इंजीनियरिंग के महत्व तथा आधुनिक समाज में नवाचार की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। इसके बाद प्रधानाचार्य की ओर से विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के तकनीकी प्रबंधन एवं संयोजन में प्राध्यापक मुकेश कुमार माली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डिजिटल एवं तकनीकी संचालन में बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक स्तुति नवहाल एवं विक्रम चौधरी का सराहनीय योगदान रहा। वहीं, आयोजन के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी प्राध्यापक सत्येंद्र माली ने संभाली।
प्रार्थना सभा में ओजोन दिवस पर किया जागरूक
इससे पूर्व प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। जीव विज्ञान के प्राध्यापक सुरेंद्र चौहान ने ओजोन परत की भूमिका, पर्यावरण संतुलन तथा पृथ्वी को हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में इसके महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले सभी संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों की सराहना की गई।
